KNEWS DESK- असम पंचायत चुनाव के दौरान महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा घिरते नजर आ रहे हैं। सरमा द्वारा की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर असम कांग्रेस की महिला शाखा ने रविवार को तीव्र विरोध जताया और मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी की मांग की। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक सीएम माफी नहीं मांगते, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री सरमा ने हाल ही में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस के शासनकाल में असम में कई महिलाओं ने सरकारी नौकरी पाने के लिए “गलत रास्ते” अपनाए। इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में भारी आक्रोश फैल गया है।
असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, “एक मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक और शर्मनाक टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कर्मियों से लेकर वरिष्ठ महिला अफसरों तक का अपमान किया है।”
महिला कांग्रेस ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को पत्र लिखकर सरमा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई है। गोस्वामी ने बताया कि इसी तरह की शिकायतें पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के राज्य महिला आयोगों के समक्ष सोमवार को दर्ज कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि राष्ट्रीय महिला आयोग इस पर स्वतः संज्ञान लेगा और असम के मुख्यमंत्री को महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए बाध्य करेगा।” राज्य में यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब पंचायत चुनावों का माहौल गरमाया हुआ है और महिलाओं की भागीदारी बड़ी संख्या में देखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- गोवा: लइराई देवी मंदिर में भगदड़ पर बड़ा खुलासा, पिछले साल भी हुई थी ऐसी ही घटना, जांच समिति सक्रिय