KNEWS DESK- दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे सेवा, संघर्ष और जनता के भरोसे की यात्रा करार दिया। इस अवसर पर उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए सरकार के पहले साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कई बार भावुक भी नजर आईं। वहीं, इस मौके पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने सरकार पर तीखे हमले किए।
पीतमपुरा स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस इलाके ने उन्हें पहचान दी, वही आज उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपने बचपन और छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि त्रिनगर से पीतमपुरा तक का उनका सफर एक साधारण बच्ची से मुख्यमंत्री बनने तक जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने 2025 में 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनने को जनता की आकांक्षाओं की जीत बताया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं या तेजी से प्रगति पर हैं। इनमें डिस्ट्रिक्ट पार्क का पुनर्विकास, नए प्रवेश द्वार, फाउंटेन, शौचालय, फुटपाथ और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं केवल ढांचागत निर्माण नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम हैं।
इसके अलावा मुनक नहर पर प्रस्तावित करीब 5000 करोड़ रुपये की एलिवेटेड सड़क, नहर किनारे सौंदर्यीकरण और छठ घाट, आधुनिक ऑडिटोरियम, मॉडल स्कूल, कम्युनिटी हॉल, आयुर्वेदिक अस्पताल का विस्तार, अत्याधुनिक जच्चा-बच्चा केंद्र और नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी योजनाओं को उन्होंने भविष्य की जरूरत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और बाजारों में दिख रहे बदलाव इस बात का प्रमाण हैं कि विकास अब जमीन पर नजर आ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी शालीमार बाग उनके लिए परिवार की तरह है। जनता के भरोसे को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली को और बेहतर बनाने का काम पूरी रफ्तार से जारी रहेगा।
भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी वर्षगांठ को “फर्जीवाड़ा दिवस” के रूप में मना रही है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान खुलेआम पैसे और सामान बांटकर चुनाव जीता गया, लेकिन सत्ता में आने के बाद किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को चुनाव के दौरान 1100 रुपये देने और हर महीने सहायता देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद किसी को भी यह राशि नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि जिस एनजीओ के जरिए पैसा बांटा गया, वह चुनाव के बाद गायब हो गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर राजधानी की बदहाली के बीच जश्न मनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में टूटी सड़कों, खुले नालों, गड्ढों, प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ों के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यादव के मुताबिक, पिछले एक साल में अलग-अलग हादसों में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सिर्फ जनवरी में 800 से अधिक लोग लापता हुए हैं।
उन्होंने दिल्ली के कई इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि खुले नाले और खुदाई के बाद छोड़े गए गड्ढे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कांग्रेस ने सरकार से इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करने और राजधानी की बुनियादी समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की मांग की है।