सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा बुजुर्ग, मचा हड़कंप, आनन-फानन में कराया अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क- सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग जहर खाकर जनता दरबार में पहुंच गया। बुजुर्ग द्वारा स्वयं ही जहर खाकर आने की जानकारी वहां उपस्थित अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जनता दरबार में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। लखनऊ पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, यह घटना सुबह लगभग आठ बजकर 50 मिनट पर हुई। बयान में कहा गया है कि सतवीर गुर्जर (65) नामक व्यक्ति जनता दरबार में पहुंचा।

भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सतवीर ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोनी विधायक से उन्हें जान का खतरा है। इतना ही नहीं सतबीर ने विधायक पर करोड़ों की वसूली का भी आरोप लगाया। उसने बताया कि लोनी विधायक के उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। 

बुजुर्ग की हालत खतरे से बाहर

बुजुर्ग द्वारा जहर खाकर आने की जानकारी मिलते ही जनता दरबार की सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारी और कर्मचारियों ने तत्काल रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर को एम्बुलेंस के जरिये सिविल अस्पताल में भर्ती कराया दिया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल अभी वो खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं।