डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के रामपुर सकरवारी गांव में एक महिला के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। तीन बच्चों की मां अपने दो बच्चों को साथ लेकर घर से निकल गई, जबकि एक बच्चा घर पर ही रह गया। घटना के बाद परिवार में बेचैनी है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पीड़ित पति संजय (परिवर्तित नाम) का आरोप है कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक व्यक्ति से नजदीकी संबंध था। संजय के मुताबिक, मालीपुर गांव का रहने वाला जितेंद्र नाम का शख्स उनके घर आता-जाता था। घर निर्माण के दौरान उसकी पहचान परिवार से हुई थी और धीरे-धीरे वह घर का परिचित बन गया। संजय का कहना है कि उसे कुछ समय से दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों का शक था।
1 फरवरी को पति से झगड़कर निकली थी पत्नी, अभी तक नहीं लौटी
संजय ने बताया कि 1 फरवरी को किसी बात को लेकर घर में तीखा विवाद हुआ। झगड़े के बाद उसकी पत्नी घर से निकल गई। उसी दिन जितेंद्र भी अपने घर से गायब हो गया। इसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। महिला अपने साथ दो बच्चों को ले गई, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। तीसरा बच्चा घर पर ही रह गया, जो अब अपने पिता के साथ है। कई दिनों तक अपने स्तर पर खोजबीन करने के बाद भी जब पत्नी और बच्चों का पता नहीं चला तो संजय ने 3 फरवरी को बेवाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि वे लगातार पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और बच्चों की सुरक्षित वापसी चाहते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ लिया है क्योंकि जिस व्यक्ति के साथ महिला के जाने की बात कही जा रही है, वह खुद चार बच्चों का पिता बताया जा रहा है। ऐसे में दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है और गांव में यह घटना चर्चा का केंद्र बनी हुई है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं कोई इसे प्रेम प्रसंग बता रहा है तो कोई इसे पारिवारिक विवाद का परिणाम मान रहा है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।