KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानमंडल के आगामी मानसून सत्र को लेकर राजधानी लखनऊ में रविवार को एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की, जो विधान भवन में हुई। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी मानसून सत्र के एजेंडे और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। यह सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विकास, कानून व्यवस्था और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
इसके पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक भी बुलाई, जिसमें विधानसभा कार्यों को और प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त, विधानसभा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की एक पाठशाला भी शुरू की जाएगी, जहां विधायक अपने कामकाज में स्मार्टनेस लाने के लिए एआई तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। यह पहल विधायकों को डिजिटल युग में बेहतर और अधिक प्रभावी कानून निर्माता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के प्रवेश द्वार पर स्थित नवीनीकृत गुंबद का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने सभा मंडप और सभा कक्ष संख्या-15 का भी उद्घाटन किया। इन नवीनीकरण कार्यों से विधान भवन का स्वरूप और कार्यक्षमता दोनों में सुधार हुआ है, जिससे विधायकों और कर्मचारियों के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।