KNEWS DESK – महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार के निधन के बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है. उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त होने के बाद अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को इस जिम्मेदारी के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार शनिवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी.
NCP विधायकों की अहम बैठक
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे मुंबई में एनसीपी के सभी विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है. इसके बाद शाम को राजभवन में उनके उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का कार्यक्रम हो सकता है.
CM फडणवीस से NCP नेताओं की मुलाकात
शुक्रवार को एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, सुनील तटकरे, धनंजय मुंडे और प्रफुल्ल पटेल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वर्षा निवास पर मुलाकात की थी. करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया. बैठक के बाद संकेत मिले कि पार्टी और सरकार, दोनों स्तरों पर सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बन गई है.
पवार परिवार की सहमति अहम
इसी बीच बारामती में सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और जय पवार के साथ पारिवारिक सलाहकार नरेश अरोड़ा की बैठक हुई. इस बैठक में परिवार की राय और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक के बाद नरेश अरोड़ा बारामती से मुंबई के लिए रवाना हुए हैं, जहां वे पवार परिवार का संदेश एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाएंगे. सूत्रों का कहना है कि सुनेत्रा पवार देर रात या शनिवार सुबह मुंबई पहुंच सकती हैं. वहीं, एनसीपी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनसे मुलाकात के लिए बारामती गया था.
समर्थकों की मांग
अजित पवार के निधन के बाद से ही एनसीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग तेज हो गई है. समर्थकों का कहना है कि इससे अजित पवार की राजनीतिक विरासत बरकरार रहेगी. इसके साथ ही यह मांग भी उठ रही है कि अजित पवार के पास रहे सभी अहम विभाग सुनेत्रा पवार को सौंपे जाएं.