अजित पवार की मौत पर आया नया मोड़, पहले बदली गई थी यात्रा की योजना, फिर हुआ हादसा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार के 28 जनवरी को हुए निधन के बाद राजनीतिक हलकों में लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता प्रमोद हिंदूराव ने एक शोकसभा में बड़ा दावा किया है, जिससे पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ मिल गया है। हिंदूराव के अनुसार, अजित पवार उस दिन सड़क मार्ग से पहले पुणे और फिर बारामती जाने वाले थे। उन्होंने अपनी गाड़ी में बैग भी रखवा दिया था और काफिला तैयार हो चुका था। लेकिन तभी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल का फोन आया, जिसमें मंत्रालय में लंबित एक महत्वपूर्ण फाइल पर हस्ताक्षर की आवश्यकता बताई गई।

कार्यक्रम रद्द होने के बाद गे थे निजी विमान से

बताया गया कि इसी कारण अजित पवार ने अपनी यात्रा योजना बदल दी। वे मुंबई स्थित अपने बंगले पर रुक गए और फाइल का इंतजार करने लगे। बाद में सड़क मार्ग से जाने का कार्यक्रम रद्द कर निजी विमान बुक किया गया। इसके बाद हुए हादसे में उनका दुखद निधन हो गया।

एनसीपी विधायक उठा चुके हैं मौत पर सवाल

हिंदूराव के इस बयान के सामने आने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इससे पहले एनसीपी के विधायक अमोल मिटकरी और रोहित पवार भी मौत को लेकर सवाल उठा चुके हैं। अब इस नए दावे ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। कल्याण में आयोजित शोकसभा में दिया गया यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हिंदूराव का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे यात्रा योजना में बदलाव का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं।

अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई सामने

हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन फाइल में देरी और यात्रा कार्यक्रम में बदलाव के बाद हुए हादसे को लेकर राजनीतिक विश्लेषक कई संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। अजित पवार के निधन से राज्य की राजनीति में जो खालीपन पैदा हुआ है, वह अभी भी महसूस किया जा रहा है। अब उनके अंतिम सफर से जुड़े इन दावों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *