KNEWS DESK- चेन्नई हवाई अड्डे पर मंगलवार को एयर इंडिया की कोलंबो से चेन्नई आने वाली फ्लाइट में बर्ड हिट की घटना सामने आई। विमान में 158 यात्री सवार थे, लेकिन सौभाग्यवश सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, बर्ड हिट का पता विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद चला।
घटना के बाद एयर इंडिया ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल विमान की तकनीकी जांच शुरू कराई। एयरलाइन के इंजीनियरों ने विस्तृत निरीक्षण किया और विमान को उड़ान के लिए असुरक्षित पाया। इसके चलते कोलंबो के लिए निर्धारित वापसी उड़ान को रद्द करना पड़ा।
एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। उस विमान के जरिए कुल 137 यात्री कोलंबो के लिए रवाना हुए। शेष यात्रियों को बाद की उड़ानों में समायोजित किया गया या वैकल्पिक विकल्प दिए गए।
एयर इंडिया ने इस पूरी घटना पर बयान जारी कर कहा “यात्री सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चेन्नई एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की जानकारी मिलते ही हमारी तकनीकी टीम ने कार्रवाई की और निर्णय लिया गया कि वापसी उड़ान को रद्द किया जाए। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना आवश्यक था।”
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में बर्ड हिट की घटनाएं भारत के कई एयरपोर्ट्स पर लगातार सामने आ रही हैं। यह न केवल यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि एयरलाइनों की उड़ान अनुसूची पर भी असर डालता है।