वर्षों बाद यमुना किनारे मनेगा छठ पर्व, दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने किया घाटों का निरीक्षण

KNEWS DESK- दिल्ली में इस बार छठ पर्व खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को लक्ष्मी नगर स्थित यमुना छठ घाट का निरीक्षण करते हुए यह ऐलान किया कि वर्षों बाद दिल्लीवासी यमुना किनारे छठ पर्व मना सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ व्रतियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं समय रहते पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के तट पर बन रहे छठ घाटों की तैयारियों की स्थल पर जाकर समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने घाट की सफाई व्यवस्था, रोशनी की उपलब्धता, जल स्तर और सुरक्षा इंतजाम, व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और मेडिकल सुविधा जैसे सभी पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों से कहा कि कोई भी कमी छठ व्रतियों की आस्था पर आघात नहीं पहुंचानी चाहिए।

छठ घाट पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा “इस बार वर्षों बाद यमुना किनारे छठ पूजा मनाई जाएगी। दिल्ली सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि छठ व्रतियों को इस बार एक ऐतिहासिक और भव्य छठ पर्व का अनुभव मिले। हमारी कोशिश है कि यह छठ दिल्लीवासियों के लिए यादगार बने।”

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है और हर विभाग को साफ निर्देश दिए गए हैं कि कोई चूक न हो।

दिल्ली सरकार और नगर निगम द्वारा यमुना किनारे कई घाटों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं-

यमुना की सफाई के लिए विशेष अभियान

अस्थायी घाटों का निर्माण

बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग

सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी

एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की तैनाती