डिजिटल डेस्क- कानपुर में लग्जरी कार से हुए चर्चित हादसे के बाद अब राजधानी लखनऊ में भी तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है। लखनऊ के बंथरा इलाके में हुए इस सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई अहम बिंदुओं पर पड़ताल जारी है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम बंथरा क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे छह लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे और दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
लोगों को रौंदकर फरार हुआ छात्र
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार एक 12वीं कक्षा का छात्र चला रहा था। हादसे के वक्त कार में एक छात्रा भी सवार थी। घटना के बाद छात्र मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने जांच के आधार पर उसे भी पकड़ लिया है। छात्रा को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नाबालिग छात्र को कार किसने दी और वाहन के दस्तावेज पूरे हैं या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे में तो नहीं था। इस पहलू को लेकर भी जांच जारी है।
फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था छात्र
सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्र अपने स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी में शामिल होने गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।