डिजिटल डेस्क- पंजाब के जालंधर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबोराय की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जिसने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लक्की ओबोराय गुरुद्वारा साहिब के बाहर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि लक्की के शरीर में पांच गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से लक्की ओबोराय को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन अधिक खून बहने और गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी।
इलाके में फैली दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
इस सनसनीखेज हत्या के बाद जालंधर शहर में डर और तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं।
राजनीतिक पृष्ठभूमि भी जांच के दायरे में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, राजनीतिक दुश्मनी या आपराधिक एंगल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि लक्की ओबोराय की पत्नी ने हाल ही में आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लक्की ओबोराय, कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे और पार्टी के संगठनात्मक कामों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। ऐसे में यह हत्या राजनीतिक हलकों में भी कई सवाल खड़े कर रही है।
जल्द खुलासा करने का दावा
पुलिस का दावा है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।