दिल्ली में खुले नाले में गिरने से युवक की मौत, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

KNEWS DESK- राजधानी में लगातार खुले नालों और गड्ढों से मौत का सिलसिला जारी है। कमल ध्यानी की जल निगम के गड्ढे में मौत का मामला अभी सुर्खियों में था कि रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक और युवक खुले नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। यह घटना दिल्ली में सड़क और नाला सुरक्षा की गंभीर समस्या को उजागर करती है।

मंगलवार शाम करीब 7.45 बजे, रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक नाले में गिर गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बेगमपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने विशेष उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के साथ युवक को नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के कारणों और युवक की पहचान की जांच पुलिस कर रही है।

स्थानीय लोग और सुरक्षा विशेषज्ञ प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। घटना स्थल पर नाले को ठीक से ढकने या चेतावनी संकेत लगाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इससे पहले जनकपुरी और रोहिणी जैसे इलाकों में भी खुले गड्ढों और नालों के कारण हादसे हो चुके हैं।

इससे पहले दिल्ली जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत हो चुकी थी। कमल यूपी के फिरोजाबाद का रहने वाला था और दिल्ली में बैंक में टेलीकॉलर के रूप में काम करता था। वह रोहिणी से घर लौट रहे थे, तभी जनकपुरी क्षेत्र में खोदे गए गड्ढे में गिर गए। कमल आठ घंटे तक गड्ढे में तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की।

स्थानीय निवासी इस घटना से आक्रोशित हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सभी खुले नाले और गड्ढों को तुरंत सुरक्षित किया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो युवक की जान बच सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *