डिजिटल डेस्क- दक्षिणी स्पेन में रविवार को हुए भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास दो तेज रफ्तार ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है, जबकि 70 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और कई यात्रियों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्पेनिश रेल ऑपरेटर एडीआईएफ (ADIF) के मुताबिक, मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई। उसी समय विपरीत दिशा से आ रही मैड्रिड से हुएलवा जा रही दूसरी तेज रफ्तार ट्रेन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ पलट भी गए। दोनों ट्रेनों में करीब 500 यात्री सवार थे।
39 की हो चुकी मौत, घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। कई यात्री डिब्बों के अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने में राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सिविल गार्ड और दमकल विभाग की टीमों ने कटिंग टूल्स की मदद से डिब्बों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। अब भी कुछ यात्रियों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। अंडालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाओं ने पुष्टि की है कि हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों में से कई की हालत गंभीर है और उन्हें कॉर्डोबा, जैन और मैड्रिड के छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मैड्रिड और आसपास के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रेड क्रॉस ने भी मौके पर अतिरिक्त एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया है।
हाई-स्पीड सेवाएं अस्थाई रूप से निलंबित
हादसे के बाद स्पेन की हाई-स्पीड रेल सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है। मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी हाई-स्पीड ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से रास्ते में चल रही ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों पर वापस भेज दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले स्थिति की जानकारी जरूर लें। इस बीच हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या सिग्नल फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। स्पेन सरकार ने हादसे पर गहरा शोक जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।