डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है, लेकिन देखते ही देखते लपटों ने आयोजन स्थल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, यह महायज्ञ राजघाट स्थित बाटी वाले बाबा घाट के पास आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी जी महाराज के मार्गदर्शन में हो रहा था और इसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद थे, तभी अचानक आग लगने की घटना सामने आई।
आग लगते ही बचे भगदड़ जैसे हालात
आग लगते ही मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हालांकि, समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, ताकि आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके और किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके। घटना के समय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ अभय सिंह भी मौके पर मौजूद थे। दोनों नेताओं की मौजूदगी में प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए हालात को संभालने की कोशिश की। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आग लगने के कारणों का नहीं चल सका पता
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। गनीमत यह रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाने से किसी बड़े जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, आयोजन स्थल पर काफी नुकसान होने की आशंका है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल है।