बुजुर्ग पिता को बोरे में पैक कर कूरियर करने पहुंची बेटी, पकड़ी गई तो बोली- रमजान में बस टिकट नहीं मिलता…

KNEWS DESK- बेंगलुरु से एक चौंकाने वाली और खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। रील बनाने के जुनून में एक परिवार ने सारी हदें पार करते हुए अपने ही बुजुर्ग पिता को एक बड़े बैग में बंद कर कूरियर करने की कोशिश की।

यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है। व्यालिकावल थाना क्षेत्र के एक कूरियर कार्यालय में एक महिला अपने पति और सास-ससुर के साथ एक बड़ा पार्सल लेकर पहुंची। पार्सल का आकार असामान्य रूप से बड़ा था, जिससे कर्मचारियों को शक हुआ।

जब कर्मचारियों ने पार्सल के अंदर की जानकारी मांगी, तो परिवार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर जब पैकेट खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए—बैग में एक बुजुर्ग व्यक्ति को ठूंसकर बंद किया गया था, जिन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।

जांच में पता चला कि बैग में बंद बुजुर्ग उस महिला के पिता ही थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पकड़े जाने के बाद भी परिवार अपनी हरकत को सही ठहराने की कोशिश करता रहा।

परिवार का कहना था कि वे उगादी और रमजान जैसे त्योहारों के दौरान बस टिकट न मिलने की समस्या को उजागर करना चाहते थे। इसके लिए वे एक रील बना रहे थे, जिसमें यह दिखाया जाए कि हालात इतने खराब हैं कि अब इंसानों को भी कूरियर से भेजने की नौबत आ गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कूरियर कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

हालांकि बाद में परिवार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। पुलिस ने उनका माफीनामा वीडियो रिकॉर्ड किया और भविष्य में ऐसी खतरनाक हरकत न करने की कड़ी चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में लोग किस हद तक जा सकते हैं। रील बनाने का यह खतरनाक ट्रेंड न सिर्फ कानून के लिए चुनौती बन रहा है, बल्कि लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *