KNEWS DESK – असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है।
सीएम सरमा ने कहा है कि राज्य की ओरुनोदोई योजना के तहत करीब 40 लाख महिला लाभार्थियों को अगले सप्ताह 9-9 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही असम के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है।
एक ही दिन में 3600 करोड़ रुपये का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राशि 10 मार्च को सुबह 10:30 बजे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का दावा है कि यह किसी सरकारी योजना के तहत एक ही दिन में होने वाला करीब 3600 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बैंक ट्रांसफर होगा।
दरअसल, ओरुनोदोई योजना राज्य सरकार की प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना है। इसके तहत पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 1,250 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस बार सरकार चार महीनों की राशि और अतिरिक्त सहायता को एक साथ जारी करने जा रही है।
चुनाव से पहले महिला वोटरों पर फोकस
राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं। ऐसे में एक साथ बड़ी राशि देने को राजनीतिक तौर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम महिला वोटरों को साधने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत से प्रयास कर रही है और इस योजना को महिलाओं के बीच सरकार की लोकप्रियता बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।
‘जनता का सहयोग ही सरकार की ताकत’
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने फेसबुक लाइव के दौरान कहा कि जनता का सहयोग ही सरकार की असली ताकत है। उन्होंने लाभार्थी परिवारों से अपील की कि वे इस अवसर पर राज्य भर में आयोजित होने वाली स्थानीय बैठकों में शामिल हों।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण असम के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल आर्थिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।