KNEWS DESK- आंध्र प्रदेश में आयकर विभाग ने कई रेस्टोरेंट और होटलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टैक्स चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। विशाखापत्तनम स्थित सेलिब्रेशंस रेस्टोरेंट सहित चार स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान अधिकारियों को डिजिटल रिकॉर्ड डिलीट किए जाने के सबूत मिले, जिसके बाद ऑनलाइन भुगतान और कंप्यूटर डेटा की गहन जांच शुरू की गई।
नेल्लोर और राजामंड्री में भी छापे
आयकर विभाग ने नेल्लोर के वेंगमम्बा रेस्टोरेंट और राजामंड्री के बरकस अरेबियन मंडी में भी छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक देशभर में की गई जांच के दौरान करोड़ों रुपये के डिजिटल बिलिंग रिकॉर्ड डिलीट किए जाने के संकेत मिले थे। इसी आधार पर इन स्थानों पर निरीक्षण किया गया।
बिलिंग सॉफ्टवेयर के जरिए किया जा रहा था बड़ा खेल
जांच में सामने आया कि कई रेस्टोरेंट और होटल ग्राहकों से जीएसटी वसूलने के बावजूद उसे सरकार के खाते में जमा नहीं कर रहे थे। बिलिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी हेरफेर करके वास्तविक बिक्री को छिपाया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में लगभग 70,000 करोड़ रुपये के कारोबार को छिपाने का मामला सामने आया है। यह जानकारी हैदराबाद स्थित ओबेरॉय होटल की शाखाओं की जांच के दौरान सामने आई। जांच में यह भी पाया गया कि टैक्स चोरी केवल बड़े होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि टिफिन सेंटर, पब, छोटे रेस्टोरेंट और होटल भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
बैकएंड एक्सेस से बदला जाता था बिलिंग डेटा
आयकर विभाग की छापेमारी में यह भी सामने आया कि ग्राहकों को दिया गया बिल देखने में असली लगता था, लेकिन भुगतान के बाद बैकएंड एक्सेस के जरिए बिलिंग डेटा में बदलाव कर दिया जाता था। कुछ मामलों में तो पूरे 30 दिनों का बिलिंग रिकॉर्ड एक साथ डिलीट कर दिया जाता था।
इस तरह जीएसटी और वास्तविक टर्नओवर दोनों ही रिकॉर्ड से गायब हो जाते थे। जब आयकर अधिकारियों ने गुजरात में स्थित मुख्य सर्वर पर जाकर बैकएंड डेटा की जांच की, तो बड़े पैमाने पर बिलिंग घोटाले का खुलासा हुआ।
कई राज्यों में फैला हुआ है नेटवर्क
आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक टैक्स चोरी के मामलों में कर्नाटक पहले स्थान पर है, जबकि तेलंगाना दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर हैं। इसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात और आंध्र प्रदेश का स्थान आता है।
जीएसटी बिलिंग में गड़बड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए आयकर विभाग ने पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने देशव्यापी जांच के आदेश दिए हैं, जिसके तहत विशाखापत्तनम, राजमुंदरी और नेल्लोर समेत कई शहरों में गहन निरीक्षण जारी है।