डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मथुरा में 6 मकान अचानक ढह गए। मकानों के अचानक ढहने से उसमें निवासित और आसपास के करीब 12-15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मकान ढह जाने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे को हटाते हुए दबे लोगों को निकालने का प्रयास जारी कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, यहां टीले की खुदाई का कार्य चल रहा था। तभी अचानक मिट्टी की दीवार पास बने मकानों पर गिर गई और उसमें मजदूरों समेत कई लोग दब गए। लोगों को बचाने के लिए पुलिस और दमकल की टीम द्वारा हर मुमकिन प्रयास किया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
मथुरा के शाहगंज दरवाजे के पास कई मिट्टी के टीले हैं। इन टीलों पर एक और दो मंजिला मकान बने हुए हैं। बारिश के मौसम में पानी के कटान के चलते कई बार मिट्टी भसक जाती है और मकान भरभरा कर गिर जाते हैं। स्थानीय लोग बारिश के मौसम से पहले ही कमजोर हो चुकी दीवारों को हटाते हुए नई दीवार बनाते हैं जिससे कोई अनहोनी न हो सके। बताया जा रहा है कि लोगों द्वारा मजदूरों के माध्यम से कमजोर दीवारों को हटाने और नई दीवार बनाने का काम किया जा रहा था तभी ये हादसा हो गया।
क्या बोली पुलिस?
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने कहा कि हमें सूचना मिली कि मसानी थाना क्षेत्र में एक इमारत ढह गई है। फिलहाल मलबा हटाने का काम चल रहा है। नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ मौके पर मौजूद है। हम जांच कर रहे हैं कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं।