टूटे हैंडपंप से पानी पी रहे मासूम, बर्तन भी वहीं धोने को मजबूर बच्चे; स्कूल की बदहाल व्यवस्था का वीडियो वायरल

राजसमंद के भीम क्षेत्र के सरकारी स्कूल में बच्चों को जर्जर हैंडपंप से पानी पीना पड़ रहा है। इसी टूटे हैंडपंप से बच्चे मिड-डे मील के बाद अपनी थालियां भी साफ कर रहे हैं। स्कूल के पास ही CBEO और नगरपालिका कार्यालय होने के बावजूद व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Knews Desk– राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम क्षेत्र में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो शहीद रामलाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पाटिया (भीम) का बताया जा रहा है। इसमें छोटे बच्चे स्कूल परिसर में लगे टूटे और जर्जर हैंडपंप से पानी निकालते और उसे पीते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में बच्चे इसी हैंडपंप के पानी से मिड-डे मील के बाद अपनी खाने की प्लेटें भी धोते नजर आ रहे हैं। हैंडपंप की स्थिति ऐसी है कि उसके लोहे के हिस्से टूटे और जर्जर हालत में दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए इसे चलाकर पानी निकालना किसी खतरे से कम नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हैंडपंप की हालत लंबे समय से खराब है। उनका कहना है कि जर्जर हैंडपंप के बीच बच्चों का पानी निकालना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। स्कूल में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को इसी टूटे हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास ही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी यानी CBEO का कार्यालय और भीम नगरपालिका कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद स्कूल में बच्चों के लिए पीने के पानी और सुरक्षा की इस समस्या पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि बच्चों को ऐसी स्थिति में पानी पीने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल में तत्काल साफ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और जर्जर हैंडपंप की मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों को किसी संभावित हादसे से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *