KNEWS DESK- गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन से राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार यानी आज उनके पार्थिव शरीर को गांधीनगर स्थित आवास से अहमदाबाद सिविल अस्पताल के शवगृह लाया गया। इस दौरान उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और बेटा ऋषभ रूपाणी भी मौजूद रहे।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी सिविल अस्पताल पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक भी पहुंचे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर अहमदाबाद से हवाई मार्ग द्वारा उनके गृह नगर राजकोट ले जाया जाएगा, जहां वह दोपहर 2 बजे पहुंचेगा। राजकोट में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को आम जनता के लिए कुछ समय तक रखा जाएगा।
राजकोट में शाम 5 बजे विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए सभी जिलों में शोकसभा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। विजय रूपाणी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 2016 से 2021 तक सेवा दी। वह भाजपा के एक समर्पित और लोकप्रिय नेता रहे, जिनकी पहचान सादगी, कार्यकुशलता और ईमानदार छवि के लिए होती थी।
ये भी पढ़ें- तेहरान के हाई-सिक्योरिटी बंकर में पहुंचे ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई, चाहकर भी हमला नहीं कर पाएगा इजराइल