आबकारी केस पर सौरभ भारद्वाज का BJP पर हमला, बोले- इन्हें कैसे पता फैसला क्या होगा?

KNEWS DESK – आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आबकारी नीति मामले को लेकर बीजेपी नेताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा जिस तरह से बयान दे रहे हैं, उससे लगता है कि उन्हें पहले से ही पता है कि अदालत का फैसला क्या आने वाला है।

‘फैसले का पहले से कैसे पता?’

सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीरेंद्र सचदेवा का एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि उसमें वह दावा कर रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक अपराधी हैं और जैसे-जैसे अदालती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, उन्हें सजा जरूर मिलेगी।

इस पर सवाल उठाते हुए भारद्वाज ने कहा कि आखिर वीरेंद्र सचदेवा को यह कैसे पता है कि अदालत क्या फैसला सुनाने वाली है, जबकि अभी इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में बाकी है।

कपिल मिश्रा के बयान पर भी सवाल

आप नेता ने दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कपिल मिश्रा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा था— “पिक्चर अभी बाकी है।”

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह “पिक्चर” आखिर क्या है और कपिल मिश्रा को कैसे पता है कि आगे क्या होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता ऐसे बयान देकर यह संकेत दे रहे हैं कि उन्हें मामले के भविष्य के बारे में पहले से जानकारी है।

पुराने विवाद का भी जिक्र

भारद्वाज ने कपिल मिश्रा को लेकर 2020 के दिल्ली दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह वही कपिल मिश्रा हैं जिनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कथित तौर पर धमकी देते हुए नजर आए थे।

उन्होंने याद दिलाया कि फरवरी 2020 में दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस एस. मुरलीधर ने अपनी अदालत में दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार को इस मामले में कड़ी टिप्पणी करते हुए फटकार लगाई थी।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

आबकारी नीति मामले को लेकर दिल्ली की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। आम आदमी पार्टी जहां बीजेपी नेताओं के बयानों पर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी लगातार इस मामले को लेकर आप नेतृत्व पर हमलावर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *