KNEWS DESK- देशभर में जून की शुरुआत मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ हुई है। राजधानी दिल्ली में इन दिनों नमी भरे मौसम के साथ बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी समेत कई राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो आने वाले दिनों में मौसम के और अधिक बिगड़ने का संकेत है।
दिल्ली में सोमवार की सुबह हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान: 33 डिग्री सेल्सियस। न्यूनतम तापमान: 25 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। खासकर असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 4 जून को बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 4 से 7 जून के बीच आंधी चलने का पूर्वानुमान है। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल और कर्नाटक में भी 4 जून को बारिश हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होगी, इसके बाद अगले 5 दिनों में यह फिर 4-5 डिग्री तक बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा।
4 से 6 जून के बीच ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा।
ये भी पढ़ें- RCB ने रचा इतिहास, पैसों की हुई बारिश, जानिए कौन रहा हीरो