आज चंडीगढ़ दौरे पर राहुल गांधी, क्या खत्म हो जाएगी हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी?

KNEWS DESK- कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा के दौरे पर चंडीगढ़ पहुंचे। यह दौरा केवल एक राजनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि हरियाणा कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा करने और लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी पर विराम लगाने की निर्णायक पहल मानी जा रही है।

राहुल गांधी आज सुबह 11:30 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया। एयरपोर्ट पर हरियाणा प्रभारी बीके हरि सिंह, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला मौजूद रहे।

इसके बाद राहुल गांधी सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर पार्टी हित को रखा जाए, और गुटबाजी की कोई जगह नहीं होगी। राहुल गांधी की यह यात्रा केवल शीर्ष नेतृत्व तक सीमित नहीं रही। उन्होंने हर जिले में नियुक्त 22 पर्यवेक्षकों के साथ भी अलग बैठक की, जिनका उद्देश्य ज़मीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन करना है।

इन पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस जल्द ही जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी। राहुल ने फीडबैक लेकर हरियाणा में संगठन की मजबूती के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस ने संगठन में नई ऊर्जा और पारदर्शिता लाने के लिए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हेतु सख्त मानदंड तय किए हैं। उम्र सीमा: 35 से 55 वर्ष के बीच। अनुभव: न्यूनतम 5 साल का संगठनात्मक अनुभव। छवि साफ-सुथरी छवि वाले और गुटबाजी से दूर रहने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता। चयन प्रक्रिया एक से अधिक दावेदार होने पर आपसी सहमति से पैनल बनेगा, ज़रूरत पड़ने पर वोटिंग से निर्णय होगा।

ये भी पढ़ें-   कर रहे थे सरकारी नौकरी, रखते थे आतंकवादी संगठनों से संबंध, जानकारी मिलने पर उपराज्यपाल ने किया बर्खास्त