असम रैली में पीएम मोदी का जोरदार हमला, बोले – ‘कांग्रेस झूठे वादों की दुकान’

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शुक्रवार को असम के Guwahati से एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और राज्य में भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार के कामकाज का बखान किया। पीएम मोदी ने सभा में कहा कि खराब मौसम की वजह से वे कोकराझार नहीं जा पाए और इसलिए गुवाहाटी से ही लोगों से संवाद कर रहे हैं।

कांग्रेस पर हमला

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है और पार्टी हमेशा लोगों को झूठे सपनों में उलझाए रखती है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस 4 सुपर झूठ गिफ्ट में देती है, लेकिन वादे पूरे करने का कोई इरादा नहीं होता। कांग्रेस लोगों में फूट डालने का काम करती है, जबकि हमारी डबल इंजन सरकार विकास की राह पर लगातार काम कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा-एनडीए की सरकार असम की विरासत को बचाने और राज्य के तेज विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। कोकराझार और आसपास के इलाके ने दशकों तक बहुत मुश्किलें झेली हैं, लेकिन आज बोडोलैंड शांति और विकास की राह पर है।

विकास और निवेश की बड़ी घोषणाएं

पीएम मोदी ने सभा में यह भी बताया कि इस कार्यक्रम में बोडोलैंड के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इसमें से 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बोडोलैंड की सड़कों के लिए खर्च की जाएगी। उन्होंने असम माला अभियान के तीसरे चरण का भी जिक्र किया, जिससे राज्य की सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।

बोडो समुदाय और संस्कृति का संरक्षण

प्रधानमंत्री ने बोडो समुदाय की भाषा और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कुछ हफ्ते पहले गुवाहाटी में बोडो संस्कृति की रिच परंपरा देखने का मौका मिला, जिससे उन्हें गर्व महसूस हुआ।

शांति समझौते और कांग्रेस की विफलता

पीएम मोदी ने बोडोलैंड में हुए शांति समझौते को भी रेखांकित किया और कहा कि यह पहली बार था जब सभी प्रमुख संगठन और समूह एक साथ आए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने दशकों तक लोगों को झूठे वादों में उलझाए रखा और केवल स्वार्थी राजनीति के लिए अलग-अलग समुदायों में फूट डाली।

पीएम मोदी ने कहा, “हमने ईमानदारी से प्रयास किया और स्थायी शांति के लिए काम किया। कांग्रेस जहां सिर्फ दिखावे के लिए कागजी समझौते करती थी, भाजपा ने विकास और शांति को प्राथमिकता दी।”

विकास के लिए जनता का समर्थन

प्रधानमंत्री ने सभा में यह भी कहा कि असम और बोडोलैंड के लोगों ने भाजपा-एनडीए को मौका देकर विश्वास दिखाया और सरकार ने इसे निभाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी राज्य के विकास, शांति और बुनियादी संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *