पीएम मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई दी, भारत-बांग्लादेश रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने का जताया भरोसा

डिजिटल डेस्क- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की जीत पर पार्टी के चेयरपर्सन तारिक रहमान को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि वह तारिक रहमान को संसदीय चुनावों में BNP को मिली महत्वपूर्ण सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से मिली यह जीत बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं और विश्वास का प्रतीक है।

व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, सुरक्षा और विकास पर सहयोग की जताई इच्छा

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत हमेशा एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने दोहराया कि भारत और बांग्लादेश के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक जुड़ाव पर आधारित हैं। ऐसे में नई सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वह भारत और बांग्लादेश के बीच बहुआयामी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, सुरक्षा और विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

कल हुए चुनाव में मिली है जीत

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न हुए संसदीय चुनावों में BNP को अहम जीत मिली है। इस जीत के बाद देश की राजनीतिक दिशा में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। चुनावी नतीजों को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भारत और बांग्लादेश के संबंध दक्षिण एशिया की स्थिरता में अहम भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नई सरकार के गठन के बाद द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा देखने को मिल सकती है। सीमा प्रबंधन, व्यापार विस्तार, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे आने वाले समय में प्राथमिकता में रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *