डिजिटल डेस्क- भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस बार मानसून अपने तय समय से 8 दिन पहले ही केरल के तट पर दस्तक दे दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसकी जानकारी दी है। पिछले 16 सालों में मानसून इस साल सबसे पहले पहुंच रहा है। केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून है। हालांकि, सबसे पहले आगमन 1918 में 11 मई को दर्ज किया गया था। दूसरी ओर, देरी से आगमन का रिकॉर्ड 1972 में था, जब मानसून की बारिश 18 जून को शुरू हुई थी। पिछले 25 वर्षों में, सबसे देरी से आगमन 2016 में हुआ था, जब मानसून 9 जून को केरल में प्रवेश किया था।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की भविष्यवाणी की है। केरल और तटीय कर्नाटक में 29 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 5 दिनों में तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ेंगे।
इन राज्यों में इस दिन आयेगा मानसून
| राज्य / क्षेत्र | मानसून आगमन | मानसून वापसी |
|---|---|---|
| केरल | 1 जून | 1 अक्टूबर |
| तमिलनाडु | 4 जून | 15 अक्टूबर |
| कर्नाटक | 5-7 जून | 5-10 अक्टूबर |
| आंध्र प्रदेश | 5-8 जून | 10 अक्टूबर |
| गोवा | 5 जून | 5 अक्टूबर |
| महाराष्ट्र (मुंबई) | 10 जून | 8-10 अक्टूबर |
| गुजरात | 15 जून | 10-15 अक्टूबर |
| मध्य प्रदेश | 15-20 जून | 15-20 अक्टूबर |
| छत्तीसगढ़ | 10 जून | 10 अक्टूबर |
| उत्तर प्रदेश | 20-25 जून | 15 अक्टूबर |
| दिल्ली | 25 जून – 1 जुलाई | 20 अक्टूबर |
| हरियाणा / पंजाब | 27 जून – 5 जुलाई | 20-25 अक्टूबर |
| राजस्थान | 25 जून – 5 जुलाई | 20-25 अक्टूबर |
| बिहार | 10-15 जून | 10-15 अक्टूबर |
| झारखंड | 10 जून | 10-15 अक्टूबर |
| पश्चिम बंगाल | 7-10 जून | 10-15 अक्टूबर |
| ओडिशा | 7 जून | 10-12 अक्टूबर |
| असम और पूर्वोत्तर राज्य | 5-7 जून | 15 अक्टूबर |
| हिमाचल प्रदेश / उत्तराखंड | 25 जून – 1 जुलाई | 15-20 अक्टूबर |
| जम्मू-कश्मीर / लद्दाख | 1-5 जुलाई | 25 अक्टूबर |