मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर किया पलटवार, कहा-”पिछले 10 सालों में इस देश को सिर्फ…”

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विपक्षी गठबंधन INDIA पर किए गए वार पर अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार किया है| रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष ने मणिपुर-नूंह हिंसा को लेकर एक ट्विट के जरिए पीएम मोदी पर निशाना साधा है|

आपको बता दें कि रविवार को पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से प्रेरित होकर भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण-भारत छोड़ो का समर्थन कर रहा है| नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में 508 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी, जिसके बाद एक समारोह के संबोधन के दौरान उन्होंने विपक्ष पर हमला किया|

जिसके बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट के द्वारा पीएम मोदी को घेरे में लिया| उन्होंने ट्विट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी, पिछले 10 सालों से आपने केवल तोड़ने की नकारात्मक राजनीति की है| आपकी वाणी से अब INDIA के लिए भी कटु शब्द निकल रहें हैं| खरगे ने आगे लिखा, पिछले 3 महीने से मणिपुर हिंसा को आप काबू नहीं कर पाए हैं| आपकी विभाजनकारी राजनीति ने समुदायों को आपस में ऐसे लड़वाया है कि वहां गृह युद्ध जैसे हालात हो गए हैं| अब तक करीब 150 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं| हरियाणा में जो हो रहा है वो पूरा देश देख रहा है| जहां दशकों से दंगा नहीं हुआ वहां आपकी सरकार और आपके संघ परिवार के लोग भाई को भाई से लड़वा रहें है| कट्टरपंथी दोषी समाज के शत्रु हैं, चाहे वो किसी भी धर्म के हों|

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखा, आपने पिछले 10 सालों में इस देश को सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता, गरीबी, महिला असुरक्षा, दलित उत्पीड़न और सामाजिक अन्याय दिया है| इन सबको समाप्त करने की जरूरत है| यह आपकी सरकार के लिए असंभव लगता है| जनता में निराशा है| समस्याओं का निराकरण करने के बजाय प्रधानमंत्री जी रोज अपने लिए एक नए उद्घाटन का प्रोग्राम ढूंढते हैं| सरकारी आयोजनों में राजनीति करते हैं-विपक्ष पर हमला करते हैं|

मल्लिकार्जुन खरगे ने ये भी लिखा, आपके राजनैतिक पूर्वजों ने भारतीय को भारतीयों के खिलाफ किया, अंग्रेजी हुकूमत का साथ दिया, मुखबिरी की और क्विट इंडिया का कड़ा विरोध किया| गांधी हत्या की साजिश में संदेहपूर्ण भूमिका रही|राष्ट्रीय ध्वज- तिरंगे का विरोध किया| आजादी के 52 साल तक उसे फहराया नहीं| सरदार पटेल को उनको तिरंगे का बहिष्कार करने के लिए चेतावनी देनी पड़ी| जो 75 सालों नहीं याद आया वो Quit India अब याद आ रहा है| यही हमारी जीत है| भारत जुड़ेगा, INDIA जीतेगा!