रतन टाटा के सम्मान में महाराष्ट्र और झारखंड के सीएम की घोषणा, एक दिवसीय राजकीय शोक का किया ऐलान

KNEWS DESK, भारत के प्रमुख उद्योगपतियों में से एक रतन एन टाटा ने बुधवार 9 अक्टूबर को 86 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने-अपने राज्यों में एक दिन का राजकीय शोक का ऐलान किया है।

रतन टाटा पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया। जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर सुनते ही पीएम मोदी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया। उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एनसीपीए लॉन, नरीमन पॉइंट, मुंबई में रखा जाएगा। उनकी मृत्यु के बाद सीएम शिंदे और सीएम सोरेन अपने राज्यों में एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में एक दिवसीय राजकीय शोक के दौरान सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रीय तिरंगा आधा झुका रहेगा, और इस दिन कोई मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। रतन टाटा का अंतिम संस्कार गुरुवार को वर्ली इलाके में किया जाएगा।

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि, “खो गया देश का अनमोल रतन, रतनजी टाटा नैतिकता और उद्यमशीलता के अपूर्व और आदर्श संगम थे। लगभग 150 सालों की उत्कृष्टता और अखंडता की परंपरा वाले टाटा ग्रुप की कमान सफलतापूर्वक संभालने वाले रतनजी टाटा एक जीवित लीजेंड थे। उन्होंने समय-समय पर जिस निर्णय क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया, उससे टाटा समूह एक अलग औद्योगिक ऊंचाइयों पर पहुंचा। मैं, उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन और पद्म विभूषण रतन टाटा जी के निधन पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।”

 

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.