कांग्रेस से नाराज हैं शशि थरूर? जानें मतभेदों की असली वजह

KNEWS DESK –   कांग्रेस सांसद शशि थरूर की पार्टी नेतृत्व से नाराजगी की खबरें सियासी गलियारों में जोर पकड़ रही हैं। चर्चा है कि उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात कर पार्टी में अपनी भूमिका को स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, यह बैठक बंद कमरे में हुई और इसकी खबरें सूत्रों के हवाले से आईं। अब, इस पर खुद थरूर ने प्रतिक्रिया दी है।

शशि थरूर ने बताई कांग्रेस से नाराजगी की वजह?

तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा कि बैठक में सिर्फ दो लोग मौजूद थे, और वे इस बातचीत की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस का आधिकारिक रुख भी यही होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, केरल कांग्रेस के कुछ नेता थरूर से नाखुश हैं और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी अब उनके प्रति नरमी नहीं दिखा रहा। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में हुई चर्चा के दौरान थरूर ने अपनी अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई थी। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी इस पर कोई ठोस आश्वासन देने के लिए तैयार नहीं थे।

भाजपा की तारीफ और पार्टी से दूरी?

सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात जैसे मुद्दों पर पार्टी लाइन से अलग स्टैंड लेने के कारण कांग्रेस थरूर से नाराज है। साथ ही, ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रभार से हटाए जाने को लेकर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।

थरूर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जो केरल कांग्रेस के नेतृत्व से प्रेरित लगते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में एबीपी कॉन्क्लेव में उनकी उपस्थिति को लेकर गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं।

क्या कांग्रेस नेतृत्व से नाराज हैं थरूर?

हाल के महीनों में शशि थरूर और केरल कांग्रेस के बीच मतभेद कई बार देखने को मिले हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बाद से ही उनके प्रति पार्टी के भीतर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। हालांकि, उनकी ताजा टिप्पणी से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि वे कांग्रेस नेतृत्व से नाराज हैं या यह केवल अटकलें हैं।