KNEWS DESK – भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने अब ‘ई-पैंट्री’ सेवा शुरू की है, जिसके तहत यात्री सफर से पहले ही ऑनलाइन खाना और पानी बुक कर सकेंगे। यह भोजन यात्रा के दौरान सीधे उनकी सीट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
यह सुविधा खासतौर पर उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए शुरू की गई है, जिनके टिकट में पहले से कैटरिंग शामिल नहीं होती। IRCTC के मुताबिक, यह पहल यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और तकनीक-आधारित यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
कैसे करें ई-पैंट्री से खाना बुक?
ई-पैंट्री सेवा IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से जुड़ी है। कन्फर्म, RAC या आंशिक कन्फर्म टिकट वाले यात्री टिकट बुकिंग के समय या बाद में ‘बुक टिकट हिस्ट्री’ सेक्शन में जाकर स्टैंडर्ड मील और रेल नीर (पैकेज्ड पानी) प्री-बुक कर सकते हैं। बुकिंग के बाद यात्रियों को SMS या ई-मेल के जरिए कन्फर्मेशन और मील वेरिफिकेशन कोड (MVC) मिलता है, जिसे यात्रा के दौरान वेंडर को दिखाना होता है।
25 ट्रेनों में शुरू हुई सेवा
ई-पैंट्री सेवा का ट्रायल विवेक एक्सप्रेस (22503/04) में किया गया था। बेहतर प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे अब स्वतंत्र सेनानी एक्सप्रेस, स्वर्णजयंती एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति, पुष्पक, पूर्वा, ग्रैंड ट्रंक, मालवा, नेत्रावती, पुरुषोत्तम समेत 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लागू किया गया है।