पिता पाक एयर फोर्स में रहे… मोहन भागवत-अदनान सामी की मुलाकात पर कांग्रेस का तीखा हमला

KNEWS DESK – महाराष्ट्र कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत पर तीखा हमला बोला है। विवाद की वजह संघ प्रमुख का सिंगर-कंपोजर अदनान सामी के साथ भोजन करना है। कांग्रेस ने इसे ‘देश-विरोधी’ करार देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आपत्ति जताई है।

कांग्रेस का आरोप है कि अदनान सामी के पिता अरशद सामी खान पाकिस्तान एयर फोर्स में पायलट थे और उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में हिस्सा लिया था। पार्टी ने दावा किया कि उस युद्ध के दौरान पठानकोट एयर बेस पर हुए हमले में भी उनकी भूमिका थी। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि ऐसे व्यक्ति के बेटे के साथ RSS प्रमुख का सार्वजनिक तौर पर मिलना और भोजन करना क्या उचित है।

दरअसल, अदनान सामी उन चुनिंदा सेलिब्रिटीज़ में शामिल थे, जो RSS की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुंबई में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत और अदनान सामी की मुलाकात हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं।

इन तस्वीरों को साझा करते हुए अदनान सामी ने RSS प्रमुख की जमकर तारीफ की। उन्होंने X पर लिखा कि उन्हें सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ दोपहर का समय बिताने का अवसर मिला। सामी के मुताबिक, भागवत को सुनना बेहद रोचक रहा और उन्होंने कई मिथकों व गलतफहमियों को स्पष्ट किया। पद्मश्री से सम्मानित गायक ने RSS प्रमुख को ‘अद्भुत सज्जन और खूबसूरत इंसान’ बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *