K News Desktop- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव करने की घोषणा की है। कंपनी ने पुष्टि की है कि 8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम मैसेजिंग से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सपोर्ट हटा दिया जाएगा। इस बदलाव के बाद यूजर्स की चैट की सुरक्षा का तरीका बदल सकता है और कंपनी के पास मैसेज तक पहुंच संभव होने की आशंका जताई जा रही है।
कंपनी ने ऐप के अंदर एक नोटिस जारी कर यूजर्स को इस बदलाव की जानकारी देना शुरू कर दिया है। नोटिस में बताया गया है कि 8 मई 2026 के बाद मैसेजिंग में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन बंद कर दिया जाएगा। यह फीचर अभी तक यूजर्स की निजी बातचीत को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
कंपनी ने यह भी कहा है कि जिन यूजर्स की चैट इस बदलाव से प्रभावित होगी, उन्हें ऐप में निर्देश दिखाई देंगे। इन निर्देशों की मदद से यूजर्स अपने मैसेज और मीडिया फाइल्स डाउनलोड कर सकेंगे। अगर किसी यूजर के फोन में इंस्टाग्राम का पुराना वर्जन है तो पहले ऐप को अपडेट करना होगा, तभी वे अपने प्रभावित चैट डेटा को डाउनलोड कर पाएंगे।
दरअसल, एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक ऐसा सिक्योरिटी फीचर है जिसमें मैसेज केवल भेजने वाला और पाने वाला व्यक्ति ही पढ़ सकता है। इस सिस्टम में हर डिवाइस के पास एक खास डिजिटल-की होती है जो मैसेज को एन्क्रिप्ट और डिक्रिप्ट करती है। यानी इस प्रक्रिया में प्लेटफॉर्म कंपनी भी मैसेज नहीं पढ़ सकती।
हालांकि मेटा ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि इस फैसले के पीछे की वजह क्या है और क्या भविष्य में यह बदलाव अन्य प्लेटफॉर्म पर भी लागू होगा या नहीं। फिलहाल व्हाट्सऐप और “फेसबुक मैसेंजर” जैसे प्लेटफॉर्म पर इस तरह के किसी बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
इंस्टाग्राम पर “एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन” हटाए जाने के फैसले के बाद यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर बहस तेज होने की संभावना है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी मैसेजिंग सुरक्षा और यूजर प्राइवेसी के बीच संतुलन कैसे बनाती है।