LPG किल्लत पर अखिलेश यादव का केंद्र पर वार, कहा – भारत विश्वगुरु बनने का मौका चूक गया

KNEWS DESK – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश में एलपीजी गैस की कथित कमी और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव के इस दौर में भारत के पास दुनिया को शांति का संदेश देने का बड़ा मौका था, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर पाई।

गैस संकट को लेकर सरकार पर हमला

मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसके कारण देश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है और आम लोगों को गैस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है और स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी भी सामने नहीं आ रही है।

‘भारत के पास था विश्वगुरु बनने का मौका’

अखिलेश यादव ने कहा कि भारत का इतिहास हमेशा शांति और सह-अस्तित्व का संदेश देने वाला रहा है। उनके मुताबिक, अगर भारत इस संघर्ष की खुलकर निंदा करता और वैश्विक मंच पर शांति की पहल करता, तो दुनिया में उसकी छवि और मजबूत होती। उन्होंने कहा कि अगर भारत ने इस मुद्दे पर नेतृत्व दिखाया होता तो आज देश को “विश्वगुरु” के रूप में देखा जा सकता था।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारत की ओर कितने जहाज आ रहे हैं, इस बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि कोई एक जहाज आने की बात कर रहा है तो कोई दो जहाजों की, लेकिन असली स्थिति क्या है यह साफ नहीं है।

बीजेपी पर अफवाह फैलाने का आरोप

अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता अक्सर दूसरों पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हैं, जबकि सबसे ज्यादा अफवाहें उन्हीं के लोग फैलाते हैं।

इस दौरान उन्होंने संभल मस्जिद विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि भारत में हमेशा सभी धर्मों का सम्मान किया गया है। उनके मुताबिक, हर धर्म शांति का संदेश देता है, लेकिन भाजपा समाज को बांटने वाली राजनीति करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *