दिल्ली से यूपी-राजस्थान तक बदलेगा मौसम, रविवार को बारिश-ओलों का अलर्ट

KNEWS DESK – उत्तर भारत में बढ़ती गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम करवट लेने वाला है और कई राज्यों में गरज-चमक, आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। इसका असर राजधानी नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किया जाएगा।

दिल्ली में बदलेगा मौसम

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में आंशिक बादल छाए हुए हैं और रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जो पिछले दिनों के मुकाबले थोड़ा कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च को दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद 16 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 17 से 19 मार्च तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है। जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पंजाब-हरियाणा में भी असर

दिल्ली से सटे राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का यह बदलाव देखने को मिलेगा। 15 से 19 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 15 और 16 मार्च को मौसम बदलेगा। इन दोनों राज्यों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

एमपी और बिहार में भी बदलेगा मौसम

इस बदलाव का असर मध्य प्रदेश में 18 मार्च के बाद देखने को मिल सकता है। 19 और 20 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार में भी अगले सप्ताह कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *