Volkswagen का मास्टरप्लान 2026: भारत में हर तिमाही होगी नई कार लॉन्च, Tayron R-Line से होगी शुरुआत

KNEWS DESK – Volkswagen India ने साल 2026 को लेकर बड़ा रोडमैप तैयार कर लिया है. जर्मन कार निर्माता कंपनी अगले साल भारतीय बाजार में कुल 5 नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी में है. खास बात यह है कि ये सभी लॉन्च अलग-अलग तिमाहियों में किए जाएंगे, यानी हर कुछ महीनों में ग्राहकों को एक नई Volkswagen कार देखने को मिलेगी. कंपनी की यह रणनीति SUV, सेडान और हैचबैक—तीनों सेगमेंट के प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है.

Volkswagen का फोकस अब सिर्फ एक सेगमेंट तक सीमित नहीं है. कंपनी बड़ी फैमिली के लिए स्पेसियस SUV, स्टाइल पसंद करने वालों के लिए सेडान और शहर में रोज़ाना चलाने के लिए कॉम्पैक्ट हैचबैक पेश करने की योजना पर काम कर रही है. इससे साफ है कि 2026 में Volkswagen भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है.

Volkswagen Tayron R-Line की पहली झलक

इसी बीच Volkswagen ने अपनी अपकमिंग 7-सीटर प्रीमियम SUV Tayron R-Line की ऑफिशियल तस्वीरें जारी कर दी हैं. यह SUV कंपनी की 2026 लॉन्च लाइन-अप की सबसे अहम गाड़ियों में से एक मानी जा रही है और इसे सबसे पहले लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. Tayron R-Line को स्पोर्टी डिजाइन, प्रीमियम लुक और दमदार रोड प्रेजेंस के साथ पेश किया जाएगा. तस्वीरों से साफ है कि यह SUV Volkswagen की मौजूदा गाड़ियों के मुकाबले ज्यादा बोल्ड और मस्कुलर दिखाई देती है.

फीचर्स में भी होगी टॉप-क्लास

Volkswagen Tayron R-Line में प्रीमियम सेगमेंट के हिसाब से कई एडवांस फीचर्स दिए जाएंगे. इसमें 15-इंच का बड़ा फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करेगा. इसके अलावा 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, Harman Kardon साउंड सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले, डुअल वायरलेस फोन चार्जर और थ्री-ज़ोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी शामिल होंगे. कार में 30-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और मसाज फंक्शन वाली फ्रंट सीट्स जैसी लग्ज़री सुविधाएं भी मिलेंगी.

सेफ्टी में कोई समझौता नहीं

सेफ्टी के मामले में भी Tayron R-Line काफी दमदार होगी. इस SUV में 9 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, आगे-पीछे पार्किंग सेंसर, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जैसे फीचर्स दिए जाएंगे.

डायमेंशन की बात करें तो Volkswagen Tayron R-Line की लंबाई 4792 मिमी, चौड़ाई 1866 मिमी और ऊंचाई 1665 मिमी होगी, जबकि इसका व्हीलबेस 2789 मिमी का है. तीन-रो सीटिंग के साथ SUV में 345 लीटर का बूट स्पेस मिलेगा, जो तीसरी पंक्ति को फोल्ड करने पर बढ़कर 850 लीटर तक हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *