MG मोटर्स अपनी MG Astor Facelift को जल्द करेगी पेश, 2025 में भारत में देगी दस्तक

KNEWS DESK – ब्रिटिश वाहन निर्माता MG मोटर्स एक बार फिर से अपने नए मॉडल के साथ एसयूवी सेगमेंट में धमाल मचाने की तैयारी कर रही है। MG मोटर्स कल, 26 अगस्त को ग्लोबल स्तर पर अपनी नई Astor Facelift SUV को पेश करने जा रही है। इस नई एसयूवी में कई बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनमें डिजाइन से लेकर हाइब्रिड पावरट्रेन तक शामिल हैं। इस लेख में हम आपको इस नई SUV के फीचर्स, डिजाइन और भारत में इसके संभावित लॉन्च के बारे में विस्तार से बता रहे हैं।

MG Astor 2024 - Latest Update, Price List & Specs

हाइब्रिड तकनीक के साथ आने वाली है नई Astor

MG Astor Facelift में सबसे बड़ा बदलाव इसके पावरट्रेन में देखने को मिलेगा। कंपनी इस एसयूवी में हाइब्रिड सिस्टम को शामिल करने की योजना बना रही है। यह हाइब्रिड तकनीक MG3 में दी गई है और इसे अब नई Astor में भी दिया जाएगा। इस हाइब्रिड सिस्टम के साथ, एसयूवी पेट्रोल इंजन और मोटर दोनों के साथ चलेगी और इसमें एटकिंसन साइकिल का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, SUV को 1.83kWh की क्षमता की बैटरी के साथ भी लाया जा सकता है, जो इसकी परफॉर्मेंस और फ्यूल एफिशिएंसी को बढ़ाने में मदद करेगी।

नए डिजाइन के साथ ज्यादा स्पोर्टी लुक

नई MG Astor Facelift के डिजाइन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इस SUV को पहले से ज्यादा स्पोर्टी और एयरोडायनामिक बनाने का प्रयास किया है। इसमें नए एलईडी हेडलाइट्स, अपडेटेड फ्रंट ग्रिल, और रिवाइज्ड बंपर दिए गए हैं। रियर में भी टेल लाइट्स और बंपर में बदलाव किए गए हैं, जिससे गाड़ी को एक नया और आकर्षक लुक मिलता है।

फीचर्स और इंटीरियर में बदलाव

MG Astor Facelift में कई नए और अत्याधुनिक फीचर्स को शामिल किया गया है। इसमें ड्यूल स्क्रीन सेट-अप दिया जाएगा, जिसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को जोड़ा गया है। इसके अलावा, SUV में 360-डिग्री कैमरा, पावर्ड एडजस्टेबल सीट्स, वायरलेस चार्जिंग और ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे, जो इसे अपने सेगमेंट में अन्य प्रतिस्पर्धी मॉडलों से अलग करेंगे।

भारतीय बाजार में लॉन्चिंग और संभावित प्रतिस्पर्धा

MG मोटर्स की ओर से भारतीय बाजार में Astor एसयूवी की बिक्री पहले से ही की जा रही है। नए फेसलिफ्ट वर्जन को ग्लोबल स्तर पर पेश करने के बाद, इसे अगले साल तक भारत में भी लाया जा सकता है। संभावना है कि कंपनी इस एसयूवी को भारत मोबिलिटी शो 2024 में पेश करेगी। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Grand Vitara, Toyota Urban Cruiser Hyryder, Tata Curvv, और Citroen Basalt जैसी लोकप्रिय एसयूवी से होगा।

About Post Author