KNEWS DESK – महिंद्रा की नई XUV 7XO SUV 5 जनवरी 2026 को लॉन्च होने वाली है। यह SUV महिंद्रा XUV700 का नया और बेहतर वेरिएंट होगी और इसका डिजाइन XEV 9S इलेक्ट्रिक SUV से मिलता-जुलता रहेगा। महिंद्रा ने इसकी बुकिंग 15 दिसंबर से शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर लगातार इसकी झलकियां साझा की जा रही हैं। कंपनी ने नए टीजर में XUV 7XO के कई प्रमुख और हाई-टेक फीचर्स का खुलासा किया है।
540-डिग्री कैमरा: चारों ओर से देखने की सुविधा
XUV 7XO में 540-डिग्री कैमरा फीचर मिलेगा। इसमें आगे, दोनों तरफ और पीछे लगे कैमरे ड्राइवर को SUV के चारों ओर 360 डिग्री का नजारा दिखाते हैं, लेकिन 540-डिग्री कैमरा इससे आगे बढ़कर SUV के नीचे की स्थिति भी दिखाता है। इस फीचर की प्रेरणा Land Rover की हाई-एंड SUVs और टाटा हैरियर ईवी से ली गई है। कैमरे द्वारा फुटेज सीधे टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम पर दिखाई जाती है, जिससे ड्राइवर को सड़क की स्थिति स्पष्ट रूप से नजर आती है।
BYOD फीचर: स्मार्ट और सुविधाजनक
XUV 7XO अपने इलेक्ट्रिक वाहन XEV 9S की तरह BYOD (Bring Your Own Device) फीचर के साथ आएगी। इसके तहत आगे की सीटों के पीछे मोबाइल फोन रखने के लिए अलग टैब होल्डर दिए गए हैं। इसके साथ ही 65W टाइप-C USB चार्जर भी मिलेंगे, जिससे मोबाइल और अन्य उपकरणों को तेजी से चार्ज किया जा सके। यह सुविधा मुख्य रूप से टॉप वेरिएंट में उपलब्ध होगी।
एड्रेनॉक्स प्लस AI: उन्नत टचस्क्रीन डिस्प्ले
XUV 7XO में तीन डिजिटल स्क्रीन होंगी: ड्राइवर साइड के लिए 10.25 इंच की फुल डिजिटल डिस्प्ले और सेंटर व पैसेंजर साइड के लिए 12.3 इंच की दो टचस्क्रीन डिस्प्ले। इन सभी स्क्रीन को एड्रेनॉक्स प्लस AI द्वारा संचालित किया जाएगा, जो पुराने एड्रेनॉक्स OS से कहीं अधिक उन्नत और स्मार्ट है।
महिंद्रा XUV 7XO में लेवल 2 ADAS (Advanced Driver Assistance System) दिया गया है। इस सूट में कई तकनीकें शामिल हैं, जो ड्राइविंग को सुरक्षित और आसान बनाती हैं।