साल के अंत में महिंद्रा की SUV पर बंपर ऑफर, XUV400 से लेकर थार तक ₹4.45 लाख तक की छूट

KNEWS DESK- साल 2024 के आखिरी दिनों में कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बड़ी राहत दी है। अन्य ऑटो कंपनियों की तरह महिंद्रा भी अपनी लोकप्रिय SUV रेंज पर ईयर-एंड डिस्काउंट दे रही है। इस दिसंबर कंपनी की कई SUVs पर कुल मिलाकर ₹4.45 लाख तक के फायदे मिल रहे हैं। हालांकि यह ऑफर सीमित समय के लिए है और केवल 31 दिसंबर 2024 तक ही उपलब्ध रहेगा।

महिंद्रा यह डिस्काउंट MY2024 स्टॉक को क्लियर करने और नए साल में आने वाले MY2025 मॉडल्स के लिए जगह बनाने के उद्देश्य से दे रही है। ऑफर की राशि अलग-अलग मॉडल, वेरिएंट, शहर और डीलरशिप के अनुसार अलग हो सकती है।

महिंद्रा की SUV लाइनअप में सबसे ज्यादा डिस्काउंट XUV400 इलेक्ट्रिक पर दिया जा रहा है। यह कंपनी की सब-कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV है, जिस पर दिसंबर में ₹4.45 लाख तक के फायदे मिल रहे हैं। यह फायदा कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट ऑफर और इंश्योरेंस बेनिफिट्स को मिलाकर है।

वहीं, सबसे कम डिस्काउंट महिंद्रा स्कॉर्पियो N पर मिल रहा है, जिस पर अधिकतम ₹85,600 तक का फायदा दिया जा रहा है। महिंद्रा की सबसे सस्ती सब-कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO पर दिसंबर में ₹1,14,500 तक का फायदा मिल रहा है। इसके अलावा कंपनी की पॉपुलर SUV स्कॉर्पियो क्लासिक पर ₹1.40 लाख तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है।

थार रॉक्स पर ग्राहकों को ₹1.20 लाख तक का फायदा मिल सकता है, जबकि प्रीमियम SUV XUV700 पर दिसंबर में ₹1,55,600 तक के ऑफर उपलब्ध हैं। इन सभी ऑफर्स में कैश डिस्काउंट के साथ एक्सचेंज और लॉयल्टी बोनस भी शामिल हैं।

महिंद्रा ने स्कॉर्पियो N को साल 2022 में लॉन्च किया था और यह SUV लॉन्च के साथ ही जबरदस्त हिट साबित हुई थी। पिछले कुछ वर्षों में इसमें कई छोटे फीचर अपडेट किए गए, जिनमें हाल ही में जोड़ा गया लेवल-2 ADAS फीचर भी शामिल है।

अब स्कॉर्पियो N अपने पहले मिड-लाइफ फेसलिफ्ट के लिए तैयार बताई जा रही है। उम्मीद है कि स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट को 2026 की पहली छमाही में लॉन्च किया जाएगा। टेस्टिंग के दौरान इस SUV को कई बार पूरी तरह कैमोफ्लाज में देखा जा चुका है। स्पाई तस्वीरों के मुताबिक, इसके डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं होंगे और बॉडी स्ट्रक्चर पहले जैसा ही रहेगा, जबकि फीचर्स और टेक्नोलॉजी में सुधार देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *