KNEWS DESK- आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के मार्कापुरम क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। रायवरम के पास लकड़ी की खदानों के नजदीक एक निजी ट्रैवल बस और टिपर ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस हैदराबाद से पामुर की ओर जा रही थी और उसमें करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। वहीं, चिमाकुर्थी से बजरी लेकर जा रहा ट्रक भी आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, आग पर काबू पाने से पहले ही दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों में ज्यादातर लोग कनिगिरी और पामुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।