आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का बड़ा ऐलान — पुलिस को मिलेगी मजबूती और सम्मान, सरकार उठाएगी परिवारों की जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को मजबूत करने और उनके परिवारों की भलाई के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। वे मंगलागिरी स्थित छठी बटालियन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों की भूमिका की सराहना की और उनके प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। नायडू ने कहा कि “सरकार पुलिस को सुरक्षा, सम्मान और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि पुलिस बल न केवल सक्षम हो, बल्कि उनके परिवारों को भी हर सुविधा मिले।” मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 16 महीनों में पुलिस स्वास्थ्य सेवाओं पर 33 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि 171 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 23 करोड़ रुपये बीमा के रूप में दिए गए हैं।

6100 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया हो चुकी पूरी

उन्होंने घोषणा की कि 6,100 नए कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे पुलिस बल को नई ऊर्जा और ताकत मिलेगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिसकर्मियों को समय पर पदोन्नति दी जाएगी और उनके कार्यस्थल पर सभी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सीएम नायडू ने तकनीक के बढ़ते महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध की प्रकृति लगातार बदल रही है, इसलिए पुलिस को तकनीकी रूप से अपडेट रहना जरूरी है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, फोन सिग्नल ट्रैकिंग और गूगल टेकआउट जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ाने का सुझाव दिया।

सोशल मीडिया आज की सबसे बड़ी चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है। “गैर-जिम्मेदाराना पोस्ट कई बार समाज में तनाव पैदा कर देती हैं। पुलिस को इसे भी गंभीरता से लेना होगा,” उन्होंने कहा। निवेश और सुरक्षा को जोड़ते हुए नायडू ने कहा कि जहां शांति और स्थिरता होती है, वहीं निवेश आता है। उन्होंने बताया कि गूगल ने विशाखापट्टनम में 15 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की घोषणा की है, जो राज्य में स्थिर माहौल का प्रतीक है।