9 मई को होने वाला पीएम मोदी का रूसी दौरा रद्द, पीएम मोदी को मॉस्को के विजय दिवस में बतौर मुख्य अतिथि होना था शामिल

SHIV SHANKAR SAVITA- हाल ही में पहलगाम हमले के बीच पीएम मोदी को सऊदी अरब दौरा बीच में ही रद्द करना पड़ा था। सऊदी अरब के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगामी 9 मई को होने वाला रूसी दौरा भी रद्द कर दिया गया। हालांकि दौरे को रद्द करने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया, लेकिन भारत और पाक के बीच चल रहे तनाव को इसका कारण माना जा रहा है। कयास लगाये जा रहे हैं कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है इसलिए पीएम का दौरा रद्द किया गया। आगामी 9 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मॉस्को के विजय दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। पीएम मोदी का रूस की राजधानी मॉस्को में ये आयोजन होना है। क्रेमलिन ने पीएम मोदी का दौरा रद्द होने की जानकारी दी।

आपको बताते चलें कि द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर रूस की विजय की ये 80वीं वर्षगांठ है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी भले ही मौजूद नहीं होंगे, लेकिन भारत का प्रतिनिधित्व एक राजनयिक प्रतिनिधि के माध्यम से किया जाएगा। दिमित्री पेसकोव ने यह नहीं बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की जगह कौन सा भारतीय अधिकारी शामिल होगा या किस स्तर का अधिकारी होगा, इस बात की जानकारी अभी नहीं दी गई है। रूस ने पीएम मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया था। दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया था।

प्रतिवर्ष 9 मई को मनाया जाता है विजय दिवस

रूस की राजधानी मॉस्को में हर साल 9 मई को विक्ट्री डे परेड होती है। रेड स्क्वायर पर इसका आयोजन होता है। रूसी सशस्त्र बलों की यह परेड बहुत महत्व रखती है, जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आमतौर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हैं और मुख्य भाषण देते हैं। इस कार्यक्रम के जरिए रूस अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है। यह परेड द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर रूस की निर्णायक जीत की याद के रूप में होती है।