KNEWS DESK- बुधवार को आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दौरे के दौरान आगरावासियों को बड़ी सौगातें दीं। सीएम योगी ने आगरा में बहुप्रतीक्षित 128 परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाते हुए आगरा वासियों को सरकार के 8 साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।
सीएम योगी का राजकीय हैलीकाप्टर हैलीपेड में 12 बजे उतरा। इसके बाद रोड मार्ग से सीएम योगी राजामंडी स्थित नाथ सम्प्रदाय के दरियानाथ मंदिर गए। यहां उन्होंने 500 साल पुरानी बाबा भैरवनाथ की मूर्ति के दर्शन किए। सीएम योगी ने मंदिर परिसर में आयोजित शंखढाल कार्यक्रम में भाग लिया और धर्मसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संप्रदाय के संतों के साथ संवाद किया और धार्मिक विचारों पर मंथन किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को नाथ संप्रदाय के अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संतों से संवाद करने के पश्चात सीएम योगी जीआईसी मैदान पहुंचे, जहां चल रही सुशासन प्रदर्शनी का अवलोकन कर 400 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करते हुए कहा कि सरकार डिजिटल सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और हरसंभव प्रयास सरकार के द्वारा जारी है। छात्रों से संवाद और टैबलेट वितरण कार्यक्रम के पश्चात आगरा की जनता को 635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 128 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
इनमें सड़क, सीवरेज, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह से समर्पित है। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है और सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जा रहा है।