मेरठ में आधी रात को रैपिड के पिलर के लिए बन रहा सरियों का जाल गिरा, तीन मजदूर घायल

मेरठ। परतापुर में शनिवार रात 12 बजे रैपिड के काम के चलते पिलर के लिए सरिया बांधते समय जाल ढह गया। हादसे में मौके पर काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले बीती जुलाई में भी शॉप्रिक्स मॉल के सामने पिलर का जाल गिरने से आठ मजदूर घायल हो गए थे।

परतापुर भूड़बराल तिराहे के पास एलएनटी कंपनी द्वारा रैपिड के काम के तहत पिलर बनाने के लिए सरियों का जाल बांधा जा रहा था। पहले से बंधा 12 फीट के जाल को ऊंचा करने के लिए मजदूर 12 फीट उंचाई पर काम कर रहे थे।मौके पर करीब 15 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सपोर्ट स्ट्रक्चर खिसकने से जाल भरभराकर नीचे आ गिरा। चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। ऊपर काम कर रहे दो मजदूर नीचे आ गिरे। ठेकेदार जान आलम ने बताया कि शनिवार रात मजदूर अख्तर हुसैन व लाल मोहम्मद पिलर के लिए 12 फीट की उंचाई पर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। तभी अचानक हुए हादसे से मजदूर नीचे आ गिरे। उसे भी चोटें आईं।

हादसे में घायल अख्तर और लाल मोहम्मद को केएमसी अस्पताल ले जाया गया। दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। अख्तर हुसैन की हालत ज्यादा गंभीर है।