महिला आरक्षण बिल पास होने पर बोले पीएम मोदी, ‘हमारा सौभाग्य है कि हमें इतिहास रचने का मौका मिला’

KNEWS DESK- संसद के दोनों सदनों से महिला आरक्षण बिल पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पर अभिनन्दन किया गया| इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कल हमने इतिहास बनते देखा है| हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है| जो गारंटी मोदी ने दी थी ये उसका प्रत्यक्ष प्रमाण है| आने वाली पीढ़ियां इस पर चर्चा करेंगीं|

उन्होंने आगे कहा, महिला आरक्षण बिल पर समर्थन देने के लिए सभी दलों का धन्यवाद| इसके साथ ही हर माता-बहन और बेटियों को भी बधाई| पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, तीन-तीन दशकों से इसको लाने की कोशिश की जा रही थी लेकिन ये संभव नहीं हो पा रहा था| आज ये देश की जनता की वजह से ये संभव हो पाया क्योंकि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई| इसीलिए सरकार पूरे दम से काम कर पा रही है|

नरेंद्र मोदी ने कहा, सभी लोगों ने इस बिल को लेकर वोट दे दिया लेकिन कुछ लोगों को तकलीफ इस बात की थी कि इसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम क्यों दिया| पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं होती तो मुश्किल होती| इसीलिए केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बेहद जरूरी है| हमने हर स्तर पर महिलाओं के लिए काम किया|

पीएम मोदी ने आगे कहा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश को बदलने का काम करेगा| नारी जब कोई काम को करने की ठान लेती है तो उसे पूरा करके ही मानती है| देश की माताएं बहनें आशीर्वाद दे रही हैं| मातृशक्ति हम सभी के लिए प्रेरणा है| जब ये शक्ति राष्ट्र निर्माण में लगती है तो कितना विकास हो सकता है इसका अंदाजा भी लगाना मुश्किल है| जो बिल फाड़ा करते थे उनको समर्थन क्यों करना पड़ा क्योंकि आज की नारी सभी पर भारी है|

About Post Author