knews desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। ‘स्त्री 2’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब वह अपनी नई फिल्म ‘ईठा’ लेकर आ रही हैं। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर फैन्स के बीच काफी एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है। ‘ईठा’ लावणी आर्टिस्ट विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। मेकर्स इस कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं और फिल्म का प्रोडक्शन भी बड़े स्तर पर किया गया है।
इन सबके बीच ‘ईठा’ के मेकर्स के लिए एक बड़ी गुड न्यूज आई है। फिल्म को सेंसर बोर्ड यानी CBFC से U/A 16+ सर्टिफिकेट मिल गया है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की वेबसाइट के मुताबिक, ‘ईठा’ को 27 नवंबर को U/A 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया गया था।
‘ईठा’ के लिए बॉक्स ऑफिस की राह थोड़ी मुश्किल मानी जा रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि 4 दिसंबर को ही सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। दोनों बड़ी फिल्मों के एक ही दिन रिलीज होने से स्क्रीन्स और दर्शकों के बीच मुकाबला कड़ा हो सकता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स और फैन्स की नजर इस क्लैश पर टिकी हुई है।
2 घंटे 52 मिनट से ज्यादा लंबी है ‘ईठा’
वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘ईठा’ का रनटाइम 172 मिनट 14 सेकंड है। यानी फिल्म 2 घंटे, 52 मिनट और 14 सेकंड लंबी है। यह श्रद्धा कपूर के 16 साल के शानदार करियर की सबसे लंबी फिल्म बन गई है।
इससे पहले श्रद्धा कपूर की सबसे लंबी फिल्म ‘साहो’ थी, जो साल 2019 में रिलीज हुई थी। प्रभास के साथ आई इस पैन-इंडिया फिल्म का रनटाइम 171 मिनट 52 सेकंड यानी 2 घंटे, 51 मिनट और 52 सेकंड था। ‘ईठा’ इससे सिर्फ 22 सेकंड लंबी है।
श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे लंबी पांच फिल्मों की बात करें तो पहले नंबर पर ‘ईठा’ है, जिसकी लंबाई 2 घंटे 52 मिनट है। इसके बाद दूसरे नंबर पर ‘साहो’ आती है, जो 2 घंटे 51 मिनट की है। तीसरे नंबर पर ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ है, जिसका रनटाइम 2 घंटे 43 मिनट था। चौथे नंबर पर ‘हैदर’ है, जो 2 घंटे 42 मिनट लंबी थी। वहीं, पांचवें नंबर पर ‘तू झूठी मैं मक्कार’ है, जिसकी लंबाई 2 घंटे 39 मिनट थी।
रिलीज से पहले ही ‘ईठा’ ने बनाए रिकॉर्ड
सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही ‘ईठा’ ने रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली है। इस हफ्ते की शुरुआत में फिल्म ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ दोनों में शामिल हो गई।
यह उपलब्धि तब मिली, जब 517 महिलाओं ने फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ के लावणी स्टेप्स को एक मिनट तक बिल्कुल एक साथ परफॉर्म किया। इस उपलब्धि के साथ फिल्म की रिलीज से पहले ही इसकी चर्चा और बढ़ गई है।