भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट, RBI ने जारी किए आंकड़े

RBI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.443 अरब डॉलर घटकर 700.898 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले वाले सप्ताह में भी इसमें 14.205 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी।

KNEWS DESK- भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर कमी दर्ज की गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 20 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में देश का फॉरेक्स रिजर्व 4.443 अरब डॉलर घटकर 700.898 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले वाले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार में 14.205 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट हुई थी और यह घटकर 705.342 अरब डॉलर पर आ गया था।

इस साल 4 सितंबर को भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। उस समय विदेशों में रहने वाले भारतीयों यानी डायस्पोरा से बैंकों ने एक खास योजना के तहत रिकॉर्ड 133 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा जुटाई थी। इसके चलते देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी।

विदेशी मुद्रा संपत्ति में भी कमी

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी विदेशी मुद्रा संपत्ति की होती है। 20 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा संपत्ति 26.6 करोड़ डॉलर घटकर 583.186 अरब डॉलर रह गई। विदेशी मुद्रा संपत्ति में अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, ब्रिटिश पाउंड और जापानी येन जैसी अन्य विदेशी मुद्राएं भी शामिल होती हैं। डॉलर के मुकाबले इन मुद्राओं की कीमतों में होने वाले बदलाव का असर भी विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों पर पड़ता है।

सोने के भंडार में भी लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट

भारत के गोल्ड रिजर्व में भी लगातार दूसरे सप्ताह बड़ी कमी दर्ज की गई। RBI के मुताबिक, 20 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में देश का सोने का भंडार 4.095 अरब डॉलर घटकर 94.519 अरब डॉलर रह गया। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से जुड़े विशेष आहरण अधिकार यानी SDR में भी 6.7 करोड़ डॉलर की कमी दर्ज की गई। यह घटकर 18.451 अरब डॉलर रह गया। वहीं, IMF में भारत की रिजर्व स्थिति में भी 1.5 करोड़ डॉलर की गिरावट आई और यह 4.743 अरब डॉलर पर पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *