रेस्टोरेंट जैसी पतली और मुलायम रूमाली रोटी बनाने के लिए आटा गूंथने से लेकर सेंकने तक कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जानिए आसान तरीका, जिससे घर पर भी रूमाली रोटी नरम और स्वादिष्ट बन सकती है।
KNEWS DESK- रूमाली रोटी का नाम सुनते ही लोगों के मन में रेस्टोरेंट और शादी-ब्याह में मिलने वाली बेहद पतली और मुलायम रोटी की तस्वीर आ जाती है। खासकर नॉनवेज व्यंजनों के साथ रूमाली रोटी खाना काफी पसंद किया जाता है। हालांकि, घर पर इसे बनाने की कोशिश में कई लोगों को परेशानी होती है। कभी रोटी मुलायम नहीं बनती, तो कभी बेलते समय आटे से चिपकने लगती है और फट जाती है।

लेकिन कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर घर पर भी रेस्टोरेंट जैसी नरम रूमाली रोटी बनाई जा सकती है। इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी है आटे का सही टेक्सचर, उसमें मिलाई जाने वाली सामग्री और आटे को पर्याप्त समय तक रेस्ट देना। आइए जानते हैं पूरा तरीका।
रूमाली रोटी के लिए आटा कैसे तैयार करें
रूमाली रोटी को नरम बनाने के लिए आटा सही तरीके से गूंथना बेहद जरूरी है। सिर्फ मैदा इस्तेमाल करने से रोटी ठंडी होने के बाद सख्त हो सकती है। इसलिए मैदा के साथ थोड़ा गेहूं का आटा मिलाना बेहतर रहता है। इसके लिए 1.5 कप मैदा में आधा कप गेहूं का आटा लें। इसमें 1 छोटा चम्मच चीनी और चुटकी भर नमक डालें। चाहें तो इसमें 1 छोटा चम्मच तेल भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
दूध से गूंथें आटा, बढ़ेगी नरमी
रूमाली रोटी को ज्यादा मुलायम बनाने के लिए आटा गूंथते समय दूध का इस्तेमाल करें। बताई गई मात्रा के अनुसार आटे में करीब 1 कप हल्का गर्म दूध डालें और इसे अच्छी तरह गूंथें। अगर आटा गूंथने के दौरान जरूरत महसूस हो तो हाथों पर थोड़ा गुनगुना पानी लगाकर आटे को सॉफ्ट किया जा सकता है। ध्यान रखें कि आटा न तो बहुत कड़ा हो और न ही इतना ढीला कि उसे बेलना मुश्किल हो जाए।
आटे को रेस्ट देना न भूलें
रूमाली रोटी को मुलायम बनाने में आटे को रेस्ट देने की अहम भूमिका होती है। आटा गूंथने के बाद इसे अच्छी तरह ढककर कम से कम डेढ़ से दो घंटे के लिए रख दें। रोटी बनाने से पहले आटे की छोटी-छोटी लोइयां तैयार कर लें। इन लोइयों को भी करीब 15 मिनट तक ढककर रखें। इससे आटा बेलने के लिए अच्छी तरह तैयार हो जाएगा और रोटी को पतला करना आसान रहेगा।
रूमाली रोटी बेलने का सही तरीका
अब एक-एक लोई लें और उस पर सूखा आटा लगाकर बेहद पतला बेलें। रूमाली रोटी को जितना पतला बेलेंगे, उसका टेक्सचर उतना ही बेहतर आएगा। हालांकि, बेलते समय ध्यान रखें कि आटा ज्यादा चिपके नहीं और रोटी फटे भी नहीं।
उल्टी कड़ाही पर ऐसे सेंकें रोटी
रूमाली रोटी को सेंकने के लिए कड़ाही को उल्टा करके अच्छी तरह गर्म करें। इसके बाद पतली बेली हुई रोटी को कड़ाही की उल्टी सतह पर डालकर सेंकें।
बीच-बीच में कड़ाही पर नमक मिले पानी के छींटे मार सकते हैं। कपड़े की मदद से रोटी को अच्छी तरह सेंकें। रूमाली रोटी को बहुत ज्यादा देर तक नहीं सेंकना चाहिए, वरना इसकी नरमी कम हो सकती है।
इस तरह आटा सही अनुपात में तैयार करने, दूध से सॉफ्ट गूंथने, पर्याप्त समय तक रेस्ट देने और रोटी को ज्यादा न सेंकने का ध्यान रखकर घर पर भी पतली, नरम और मुलायम रूमाली रोटी तैयार की जा सकती है।