हमीरपुर: 40 यात्रियों से भरी बस पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, 20 KM तक किया पीछा

KNEWS DESK- हमीरपुर में दिनदहाड़े रोडवेज बस पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन युवकों ने राठ डिपो से लखनऊ जा रही रोडवेज बस का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ते में उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। फायरिंग की आवाज सुनकर यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए सीटों से नीचे फर्श पर लेट गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस नहीं रोकी और उसे सीधे पुलिस थाने के सामने पहुंचाकर सुरक्षित रोका। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

बस में विवाद के बाद शुरू हुआ पीछा

मामला राठ कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, राठ डिपो से लखनऊ जाने वाली बस में कुछ लोग शराब के नशे में सवार हुए थे। किसी बात को लेकर उनका दूसरे यात्रियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद झगड़ा करने वाले लोग बस से उतर गए। आरोप है कि बस डिपो से बाहर निकलने के बाद बाइक सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

पत्थर फेंकने के बाद तमंचे से की फायरिंग

आरोप है कि बदमाशों ने पहले सुनसान रास्ते पर बस पर पीछे से पत्थर फेंके। चालक ने बस नहीं रोकी तो बाइक सवारों ने तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश करीब 20 किलोमीटर तक बस का पीछा करते रहे और इस दौरान कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से बस में चीख-पुकार मच गई। चालक ने बस की रफ्तार बढ़ाते हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

यात्रियों ने फर्श पर लेटकर बचाई जान

बस में मौजूद महिला यात्री नेहा ने बताया कि अचानक गोलियां चलने से सभी लोग घबरा गए। जान बचाने के लिए यात्री सीटों से नीचे उतरकर फर्श पर लेट गए। वहीं बुजुर्ग महिला यात्री कांति देवी ने बताया कि फायरिंग शुरू होते ही वह भी नीचे लेट गई थीं। उन्होंने कहा कि आज उनकी जान बाल-बाल बची है।

लगातार पीछा किए जाने और फायरिंग के बीच चालक बस को सीधे पुलिस थाने के सामने ले गया। बस रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीओ सरीला शाहरुख खान के मुताबिक, राठ डिपो की बस पर फायरिंग की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *