knews desk – परिसीमन बिल को संसद में लाए जाने की सुगबुगाहट के बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक्टिव हो गई हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि बिल को रोकने का संघर्ष जारी है और सरकार तिकड़म के जरिए इसे पास कराना चाहती है। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन बिल बीजेपी के लिए भूल साबित होगा।
विपक्ष इस बिल को रोकने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। इसी रणनीति को लेकर कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर बैठक बुलाई गई है। विपक्षी दलों की ओर से बिल के प्रावधानों और उसके संभावित राजनीतिक असर को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
Knews Desk – परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की चिंता मुख्य रूप से लोकसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण, आरक्षित सीटों और शहरी क्षेत्रों में सीटों की संख्या बढ़ने को लेकर है। विपक्ष को आशंका है कि परिसीमन के बाद चुनावी नक्शे में बड़े बदलाव हो सकते हैं।
- सीटों का नक्शा बदलने का डर
मोदी कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके मुताबिक लोकसभा की 543 सीटें बढ़कर 850 हो जाएगी। ऐसा होने पर राज्यों में लोकसभा सीटों का नक्शा बदल जाएगा। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में अभी लोकसभा की 80 सीटें हैं। परिसीमन विधेयक पेश होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 120 होने की बात कही जा रही है।
इन सीटों को नए सिरे से परिभाषित किया जाएगा। विपक्ष को आशंका है कि परिसीमन की प्रक्रिया सरकार के प्रभाव में हो सकती है। वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा है कि परिसीमन से विधायिका कमजोर हो सकती है और सिर्फ कार्यपालिका का दबदबा रह सकता है। उनके मुताबिक इससे लोकतंत्र कमजोर होगा।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने परिसीमन को संविधान पर हमला बताया है। कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर भी है कि परिसीमन आयोग के फैसले को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती है।
- लोकसभा सीटों के आरक्षित होने का डर
विपक्षी दलों की एक और चिंता लोकसभा सीटों के आरक्षण को लेकर है। परिसीमन आयोग भौगोलिक नक्शा तय करने के बाद सीटों को आरक्षित करने का फैसला लेगा। इसके तहत लोकसभा की 33 प्रतिशत सीटों को महिलाओं के लिए और 24.13 प्रतिशत सीटों को एससी-एसटी समुदायों के लिए आरक्षित किया जाएगा।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को आशंका है कि उनके मजबूत राजनीतिक गढ़ों को आरक्षित सीटों की श्रेणी में रखा जा सकता है, जिससे उनके बड़े नेताओं के लिए चुनाव लड़ने की स्थिति बदल सकती है।
इसे उदाहरण से समझें तो उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट पर 30 प्रतिशत से ज्यादा दलित आबादी है। 2008 के परिसीमन में भी इस सीट को दलितों के लिए आरक्षित किए जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन उस समय ऐसा नहीं हुआ। अब अगर परिसीमन होता है तो इस सीट को दलितों के लिए आरक्षित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में राहुल गांधी रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं।
- शहरी सीटों की संख्या बढ़ने का डर
विपक्षी दलों की एक और चिंता देश में शहरी लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने को लेकर है। शहरी इलाकों को बीजेपी और एनडीए का मजबूत आधार माना जाता है। चंडीगढ़ की सीट को छोड़ दिया जाए तो नॉर्थ इंडिया की किसी भी शहरी सीट पर इस वक्त विपक्ष के सांसद नहीं हैं।
2008 के परिसीमन में शहरी सीटों की संख्या बढ़ी थी। 2008 से पहले देश में शहरी लोकसभा सीटों की संख्या 74 थी, जो परिसीमन के बाद 100 से ज्यादा हो गई।
विपक्ष को आशंका है कि इस बार भी शहरी लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ सकती है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा है कि असम, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बीजेपी के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए किसी को भी इस बात में शक नहीं होना चाहिए कि वह इस ताकत का इस्तेमाल कैसे करने वाली है।
पवन खेड़ा के मुताबिक परिसीमन का इस्तेमाल बीजेपी अपने वोट बैंक को मजबूत करने, विपक्ष के समर्थन को बिखेरने, अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधित्व को कमजोर करने और चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को इस तरह फिर से तय करने के लिए कर रही है, जिससे सत्ताधारी दल के साथ राजनीतिक रूप से नहीं जुड़ने वाले समुदायों को बांटा जा सके।
अब परिसीमन बिल को लेकर संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दल इसे रोकने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से इसे आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में संसद में परिसीमन बिल पर होने वाली बहस के दौरान राजनीतिक टकराव बढ़ने के आसार हैं।