अब पैकेटबंद खाने पर दिखेगा लाल चेतावनी निशान, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

KNEWS DESK– सुप्रीम कोर्ट ने संविधान दिवस पर पैकेटबंद खाने को लेकर बड़ा आदेश दिया है। अब ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के सामने वाले हिस्से पर लाल हेक्सागन चेतावनी लगानी होगी। FSSAI को इसके लिए चार महीने में नियम तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

कोर्ट ने कहा कि पैकेट पर चेतावनी इतनी स्पष्ट होनी चाहिए कि ग्राहक उसे आसानी से देख और समझ सकें। हर लाल हेक्सागन में बड़े अक्षरों में “HIGH FAT”, “HIGH SUGAR” या “HIGH SALT” लिखा होगा। इसका आकार पैकेट के सामने वाले हिस्से का कम से कम 4 से 5 फीसदी रखने का निर्देश दिया गया है।

कुल चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट पर होगी चेतावनी

सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, नए नियमों में केवल एडेड शुगर नहीं, बल्कि पैकेट में मौजूद कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक को आधार बनाया जाएगा। FSSAI को इनके लिए नई सीमा यानी थ्रेशोल्ड तय करनी होगी।

FSSAI को 4 महीने की डेडलाइन

कोर्ट ने FSSAI को ड्राफ्ट नियम तैयार करने के लिए चार महीने का समय दिया है। साथ ही 10 हफ्ते बाद अदालत में प्रगति रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नियम बनाने में किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्कूलों में पोषण की पढ़ाई पर जोर

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया है। इसके तहत स्कूलों के सिलेबस में पोषण से जुड़ी शिक्षा शामिल करने और जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने की बात कही गई है। कोर्ट का मानना है कि बचपन से सही खानपान की समझ विकसित होने से बच्चों को जंक फूड के नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *